अनूपपुर-जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायतो मे मध्यप्रदेश शासन के द्वारा विकास कार्यो के लिए भले ही करोडो रूपए की धनराशि प्रतिवर्ष लुटाई जा रही हो किंतु अमानक कार्यो के जरिए शासकीय राशि पर हाथ साफ करने का सिलसिला निरंतर जारी है।सरपंच ,सचिव,उपयंत्री,एपीओ से लेकर एसडीओ तक की सहभागिता से विकास कार्यो मे भारी अनियमितता बरती जा रही है।कुछ ग्राम पंचायतों के सरपंच सचिव अपने चहेते लोगो को ऑफ रिकॉर्ड निर्माण कार्य का ठेका देकर उनसे मिलीभगत कर अपना भी कमीशन वसूल कर रहे हैं।
एस्टीमेट के मापदंड धरातल पर शून्य -
अनूपपुर जनपद के ग्राम पंचायत उरा अंतर्गत सडक टोला स्थित अरोग्यम उप स्वास्थ्य केंद्र मे बांउड्रीवाल निर्माण कार्य में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सचिव, सरपंच के द्वारा प्राक्कलन के विपरीत कार्य जेसीबी मशीन के जरिए नींव की खुदाई कर मजदूरो के हक पर डाका डाला जा रहा,तो वही दूसरी ओर एक फिट गहरी नींव की खुदाई कर शासकीय राशि पर अपनी गिध्द रूपी नजर गडाकर विकास कार्यो का विनाश कर रहा है। नींव के बेस मे प्राक्कलन को भ्रष्टाचार की परत बनाकर घटिया मटेरियल के जरिए दफ्न कर बाउंड्रीवाल को मजबूती प्रदान करने का नया तरीका इजाद कर रखा है।वही आगे ग्रामीणों ने बताया कि बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढों में नीचे जाली तक नहीं डाली गई है,और बिना बेस की ही बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
ऑफ रिकॉर्ड ठेके पर चल रहा बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य -
जिले भर में कई ग्राम पंचायतें ऐसी हैं जहां पर निर्माण एजेंसी तो ग्राम पंचायत है।लेकिन ऑफ रिकॉर्ड ग्राम पंचायत के सचिव सरपंच के चेहते ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य को ठेके में लेकर जमकर भ्रष्टाचार कर रहे हैं। ऐसा नहीं है कि ग्राम पंचायतों में चल रहे ऑफ रिकॉर्ड ठेकेदारी की शिकायतें उच्च अधिकारियों से नहीं होती है लेकिन उसके बाद भी जिले के आला अधिकारियों द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जाता और निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य में जमकर भ्रष्टाचार कर अपनी जेब भरी जाती हैं।ऐसा ही मामला जनपद पंचायत अनूपपुर मुख्यलय बदरा अंतर्गत ग्राम पंचायत ऊरा का है।ग्राम पंचायत ऊरा के स्थानीय ग्रामीणों ने सचिव,सरपंच पर आरोप लगाते हुए बताया कि ग्राम पंचायत ऊरा अंतर्गत आरोग्यम उप स्वास्थ्य केंद्र में बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य की निर्माण एजेंसी तो ग्राम पंचायत है,लेकिन ऑफ रिकॉर्ड निर्माण कार्य आमाडांड निवासी राजेश जयसवाल द्वारा कराया जा रहा है।ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए बताया कि निर्माण कार्य में व्यापक रूप से भ्रष्टाचार किया जा रहा है, मौखिक रूप से सचिव, सरपंच से कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन सचिव, सरपंच द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जाता और निर्माण कार्य कराने वाले ठेकेदार के द्वारा बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य में जमकर लीपापोती कर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। जिसकी शिकायत जल्द ही ग्रामीणों द्वारा विभाग के उच्च अधिकारियों से की जाएगी।
जब इस संबंध में जिला पंचायत सीईओ से फोन पर चर्चा करने का प्रयास किया गया तो हमेशा की तरह जिला पंचायत सीईओ ने फोन उठाना उचित नहीं समझा।