भालूमाड़ा - नगर में आज हिन्दू सम्मेलन के अवसर पर भव्य रैली का आयोजन किया गया। रैली में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लेकर एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। रैली नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए निर्धारित स्थल रामलीला मैदान पर पहुंचकर सभा में परिवर्तित हो गई।
रैली में शामिल लोग भगवा ध्वज, धार्मिक झंडे एवं बैनर लेकर चल रहे थे। जय श्रीराम और भारत माता के जयकारों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा। युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने हिंदू समाज को संगठित रहने, संस्कृति की रक्षा करने तथा आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से समाज में जागरूकता बढ़ती है और युवा पीढ़ी अपनी परंपराओं से जुड़ती है।
रैली को लेकर प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल तैनात रहा और यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की गई। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।आयोजकों ने बताया कि हिन्दू सम्मेलन का उद्देश्य हिंदू समाज को एक मंच पर लाना और धार्मिक व सामाजिक मूल्यों को आगे बढ़ाना है। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक प्रार्थना के साथ विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया।