कोतमा - पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड एवं ऐतिहासिक जीत की खबर मिलते ही पसान मंडल में उत्सव का माहौल बन गया।नगर पालिका परिषद पसान के अध्यक्ष राम अवध सिंह एवं मंडल अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह के साथ मंडल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और आतिशबाजी तथा जयकारों के साथ जीत का जश्न मनाया।
कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया और “भारत माता की जय” व “वंदे मातरम्” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इस दौरान पूरे मंडल में उत्साह, उमंग और गर्व का माहौल देखने को मिला।
नगर पालिका परिषद पसान के अध्यक्ष राम अवध सिंह ने इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं संगठन की मजबूत कार्यशैली का परिणाम बताया।
वही पसान मंडल अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि भाजपा की नीतियों पर जनता का बढ़ता विश्वास ही इस ऐतिहासिक जीत का मुख्य कारण है। पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी जैसे राज्यों में मिली यह सफलता पार्टी के विस्तार और मजबूती का प्रतीक है। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे आने वाले समय में भी संगठन को और सशक्त बनाने तथा सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।जश्न के दौरान युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। सभी ने एकजुट होकर पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण को दोहराया।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में पार्टी को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया तथा आने वाले चुनावों में भी इसी तरह ऐतिहासिक जीत दिलाने का भरोसा जताया।उपरोक्त जानकारी मंडल पसान के मिडिया प्रभारी हिमांशू पासी द्वारा दी गई।