⚡ ब्रेकिंग News

सीसी सड़क तोड़ नगर के विकास कार्यों को ठेंगा दिखा रहा नल-जल योजना ठेकेदार

अनूपपुर - नगर में हाल ही में बनी सीसी सड़कों को तोड़कर नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है, जिससे नगर के विकास कार्यों पर सवाल खड़े हो गए हैं। करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़कों को कुछ ही महीनों में तोड़ दिया जाना आमजन में भारी नाराजगी का कारण बन रहा है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका परिषद पसान द्वारा सड़क निर्माण के समय नल-जल योजना के कार्यों का समन्वय नहीं किया गया, जिससे नई बनी सड़कों को बार-बार खोदना पड़ रहा है। इससे न केवल सरकारी धन की बर्बादी हो रही है बल्कि आम लोगों को आवागमन में भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

नई सड़कों को तोड़,मिट्टी से गड्ढे ढक रहा ठेकेदार -

नल-जल योजना के ठेकेदार द्वारा नगर के मुख्य मार्गों सहित वार्डों की गलियों में सीसी सड़क को मनमाने तरीके से तोड़ा जा रहा है। कई स्थानों पर सड़क तोड़ने के बाद महीनों तक मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।पूर्व में इन गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई थी।नगरवासियों ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार द्वारा कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। कहीं पाइपलाइन डालने के बाद सड़क को केवल मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है, तो कहीं अधूरी मरम्मत कर खानापूर्ति की जा रही है। इससे सड़क की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है और कुछ स्थानों पर सड़क धंसने लगी है।

नगरवासियों के साथ व्यापारियों ने भी जताई नाराजगी -

स्थानीय व्यापारियों ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि सड़क खुदाई के कारण बाजार क्षेत्र में ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है, जिससे उनका व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। दुकानों के सामने गड्ढे होने से ग्राहकों को आने-जाने में कठिनाई हो रही है।
नगर के कई नागरिकों ने इस विषय को लेकर नगर पालिका परिषद पसान और संबंधित विभाग को शिकायत भी दर्ज कराई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो पूरे नगर की सड़कें बदहाल हो जाएंगी।इस संबंध में नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों का कहना है कि नल-जल योजना एक महत्वपूर्ण परियोजना है, जिसके तहत हर घर तक पेयजल पहुंचाना उद्देश्य है। हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि सड़क मरम्मत में लापरवाही की शिकायतें मिली हैं और ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं कि खोदी गई सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए।नगरवासियों ने मांग की है कि विकास कार्यों में आपसी समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि एक ही सड़क को बार-बार तोड़ने की नौबत न आए। साथ ही ठेकेदार पर जुर्माना लगाकर गुणवत्ता पूर्ण मरम्मत कराई जाए, जिससे जनता को राहत मिल सके।फिलहाल नगर में सीसी सड़क तोड़कर चल रहे नल-जल योजना के कार्य ने विकास की रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी उंगली उठने लगी है।

कहना है -

इस बारे में हमारी बात पहले भी हो चुकी हैं,इस बार कोशिश रहेगी कि पूर्व से अच्छा काम कराया जाए।

इंजीनियर नीरज,नल जल योजना
Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...