आधार अपडेशन तथा सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण के जिपं सीईओ ने दिए निर्देश
अनूपपुर - जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी ने प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण जनमन तथा आवास प्लस योजना के अंतर्गत स्वीकृत हितग्राही आवासों के निर्माण कार्य की समीक्षा बैठक में तृतीय किस्त प्राप्त हितग्राही के आवास निर्माण कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए हैं।
जिला पंचायत सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में पंचायत समन्वय अधिकारियों को निर्देश देते हुए जिपं सीईओ ने कहा कि पीएम जनमन आवास के जिन हितग्राहियों को तृतीय किस्त जारी कर दी गई है उनके आवासों की पूर्णता शीघ्र अति शीघ्र पूर्ण कराए।
समीक्षा बैठक में जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी आवास डॉ उमेश द्विवेदी जनपद पंचायतो के आवास समन्वयक तथा पंचायत समन्वय अधिकारी उपस्थित थे।
जिला पंचायत सीईओ ने पीएम जनमन तथा आवास प्लस योजना के हितग्राहीवार कार्यों की समीक्षा करते हुए पंचायत समन्वय अधिकारियों को आवास निर्माण का लक्ष्य प्रदान करते हुए आगामी 15 दिवस में पूर्णता के लक्ष्य के पूर्ति के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने आवास हितग्राही जिनके आधार का अपडेशन न होने के कारण किस्त की राशि रुकी हुई है ऐसे सभी हितग्राहियों का पंचायत समन्वय अधिकारी, ग्राम पंचायत के सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक से समन्वय करते हुए आधार अपडेशन की कार्यवाही कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिला पंचायत सीईओ ने पंचायत समन्वय अधिकारियों को लंबित शिकायतों का संतुष्टि पूर्वक निराकरण कराने के निर्देश दिए।