लोक-कला, संस्कृति और उद्यमशीलता की अनूठी झलक
‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने का सराहनीय प्रयास
जिला पंचायत अध्यक्ष,उपाध्यक्ष सीईओ ने मेला में खरीददारी कर समूह की महिलाओं का बढ़ाया उत्साह
अनूपपुर - रंगों के महापर्व होली के अवसर पर जनजातीय लोक कला, संस्कृति और ग्रामीण महिलाओं की उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने हेतु स्थानीय सामतपुर तालाब परिसर में दो दिवसीय “आजीविका होली मेला” का भव्य शुभारंभ हुआ। यह मेला 01 मार्च 2026 तक प्रातः 11 बजे से रात्रि 9 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा।
कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली के मार्गदर्शन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी के निर्देशन में आयोजित इस मेले का मुख्य उद्देश्य माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिए गए ‘वोकल फॉर लोकल’ के संदेश को धरातल पर साकार करना है। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तत्वावधान में आयोजित इस मेले के माध्यम से स्व-सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय हेतु एक सशक्त मंच प्रदान किया गया है।
मेले के मुख्य आकर्षण (स्व-सहायता समूहों के उत्पाद)
मेले में ग्रामीण महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों कोदो-कुटकी, कोदो कुकीज, कोदो नमकीन, सुगंधित चावल, शहद, आंवला कैंडी, विभिन्न प्रकार के अचार, पापड़ और बड़ी तथा होली विशेष में रसायनों से मुक्त हर्बल गुलाल और शुद्ध प्राकृतिक रंग एवं हस्तशिल्प एवं सौंदर्य में गोंडी पेंटिंग, काष्ठ शिल्प, मूर्तिकला, अगरबत्ती, हर्बल साबुन, हैंडवॉश और डिशवॉश की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध है।
मेले का विधिवत शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति रमेश सिंह, उपाध्यक्ष श्रीमती पार्वती बाल्मिक राठौर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी,विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष श्री रामदास पुरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में हुआ। अतिथियों ने होली मेला स्टॉलों का अवलोकन कर खरीदारी की तथा समूहों का उत्साहवर्धन किया।
इस प्रकार के आयोजनों से न केवल स्व-सहायता समूहों को बाजार उपलब्ध होता है, बल्कि स्थानीय उत्पादों के उपयोग के प्रति आमजन में जागरूकता भी बढ़ती है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे मेले में पहुँचकर स्थानीय उत्पादों को अपनाएं और ग्रामीण उद्यमियों के आर्थिक सशक्तिकरण में सहभागी बनें।