कोतमा- भालूमाड़ा पुलिस ने फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर एक व्यक्ति की छवि खराब करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस के अनुसार फरियादी अभिषेक सिंह उर्फ विक्की सिंह पिता राम अवध सिंह, उम्र 40 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 17, हालो दफाई,भालूमाड़ा ने थाने में शिकायत प्रस्तुत की थी।
एफआईआर में दर्ज शिकायत के अनुसार, फरियादी का आरोप है कि उसके नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर विभिन्न व्यक्तियों को गलत तरीके से कमेंट कर उसकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायतकर्ता के मुताबिक पूर्व में भी इसी फर्जी आईडी से उसके खिलाफ गलत कमेंट किए जाने की शिकायत की गई थी। एफआईआर में यह भी उल्लेख है कि 14 सितंबर 2026 को भी फर्जी फेसबुक आईडी से अभद्र टिप्पणी कर छवि खराब करने का प्रयास किए जाने की बात शिकायत में कही गई है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत अपराध घटित होना पाए जाने पर मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।पुलिस द्वारा फर्जी फेसबुक आईडी, उससे किए गए कमेंट तथा संबंधित डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।