⚡ ब्रेकिंग News

मंडल पसान में तीन दिवसीय ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का भव्य समापन,मातृशक्ति और पोषण पर केंद्रित रहा अभियान

अनूपपुर - 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश भर में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत मंडल पसान के सभी 18 वार्डों में आयोजित तीन दिवसीय “आंगन मिलन सेवा” कार्यक्रम पूरी भव्यता, उत्साह और सेवा भाव के साथ संपन्न हुआ। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के जरिए जन-प्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय मातृशक्ति के बीच सीधा संवाद स्थापित कर स्वास्थ्य, पोषण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाना रहा।

तीनों दिन पसान मंडल के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में हितग्राही महिलाएं, गर्भवती माताएं, किशोरियां एवं नन्हें-मुन्ने बच्चे शामिल हुए। केंद्रों पर पधारीं महिला प्रभारियों, महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों का आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं ने पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर भावभीना स्वागत किया। इस आत्मीय अगवानी ने पूरे आयोजन को एक पारिवारिक उत्सव में बदल दिया।

कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों में उपस्थित महिलाओं और माताओं को पोषण आहार, संतुलित भोजन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के व्यावहारिक तौर-तरीके समझाए गए। स्वास्थ्य विशेषज्ञों एवं प्रभारियों ने गर्भवती माताओं को प्रसव पूर्व देखभाल, नियमित टीकाकरण, पोषण आहार और शासन द्वारा आंगनबाड़ी के माध्यम से मिलने वाली चिकित्सीय सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही बच्चों को खेल-खेल में स्वच्छता, सही तरीके से हाथ धोने और दैनिक दिनचर्या में अच्छी आदतें शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
उपस्थित मातृशक्ति को केंद्र व मध्यप्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं और बच्चों के उत्थान के लिए चलाई जा रही लाड़ली बहना योजना, मातृ वंदना योजना सहित अन्य हितग्राही योजनाओं से अवगत कराया गया और पात्र हितग्राहियों को लाभ उठाने हेतु आवश्यक प्रक्रिया समझाई गई।

इस आयोजन की सबसे अनूठी और मानवीय पहल साझा स्वल्पाहार रही। प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर सत्र के समापन के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, नन्हें बच्चों, माताओं और उपस्थित अतिथियों ने एक साथ बैठकर स्वल्पाहार किया। इस सहभोज ने समाज में आपसी सौहार्द, समरसता और अपनत्व का सशक्त संदेश दिया।

यह संपूर्ण आयोजन अनूपपुर जिला संयोजिका ज्योति शर्मा के मार्गदर्शन, भाजपा मंडल पसान प्रभारी रश्मि खरे के कुशल निर्देशन तथा कार्यक्रम प्रभारी मीनू तिवारी के सक्रिय नेतृत्व में संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में पसान मंडल की पार्षद बहनों, महिला मोर्चा पदाधिकारियों, सभी 18 वार्डों की प्रभारी बहनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं का उल्लेखनीय योगदान रहा।

समापन अवसर पर मंडल प्रभारी रश्मि खरे एवं कार्यक्रम प्रभारी मीनू तिवारी ने सफल क्रियान्वयन के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की कर्मठता की सराहना की और प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी नागरिकों व जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...