भालूमाड़ा- नगर की सड़कों पर घूमते आवारा मवेशी वाहन चालकों व राहगीरों के लिए खतरा साबित हो रहे हैं भालूमाड़ा नगर के कदमटोला,अघोरी बाबा,गेट दफाई,गोल बाजार और भालूमाड़ा से कोतमा जाने वाले मुख्य मार्ग पर आवारा मवेशियों का जमावड़ा बना रहता है साथ ही जमुना कालरी में नगर पालिका,पसान के सामने,केंद्रीय विद्यालय के सामने एवं भालूमाड़ा से जमुना की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग में भी आवारा मवेशियों का जमावड़ा रहता है।सबसे अधिक समस्या भालूमाड़ा से कोतमा रोड पर रहती है आए दिन वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं पशुओं के सड़कों पर घूमने से आवागमन बाधित होने के साथ राहगीरों को आने-जाने में भय बना रहता है। सुबह से लेकर रात तक पशु सड़कों पर डटे रहते हैं पशुओं को सड़क में चोट न लगे उन्हें बचाने की कोशिश में ही दुर्घटनाएं घट जाती हैं। सबसे ज्यादा परेशानी साप्ताहिक बाजार के दिन होती है जब पशु बाजार में घुसकर अव्यवस्था उत्पन्न करते हैं और इन्हें भगाने की कोशिश में कई लोग घायल हो जाते हैं। इसके अलावा रोड पर मवेशियों के कारण लोग सही से ड्राइव नहीं कर सकते। नगर के चौक-चौराहों व गलियों में आवारा पशुओं का डेरा कभी न खत्म होने वाली समस्या बन गई है।
मुख्य नपा अधिकारी के आदेश से नही पड़ा फर्क-
मुख्य नगर पालिका अधिकारी,पसान ने आवारा मवेशियों को हाका गैंग लगाकर मुख्य सड़कों से हटाने का आदेश बीते 5 सितंबर को जारी किया था परंतु आदेश जारी होने के बाद भी आवारा मवेशियों को हाका गैंग लगाकर पकड़ने से पहले ही मुहिम दम तोड़ गई और आदेश का पालन नपा कर्मचारियों द्वारा नहीं किया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी,पसान के आदेश का पालन नगर पालिका के कर्मचारी ही नहीं कर रहे है मुख्य सड़कों से आवारा पशुओं को हटाने का आदेश जारी हुए लगभग एक सप्ताह होने को है परंतु आदेश का पालन करते हुए कोई भी नज़र नहीं आता और सडको पर आवारा मवेशी जस का तस घूम रहे हैं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी महोदय के आदेश का पालन कर्मचारियों द्वारा न करना कई तरह के सवाल खड़ा करता है।

