अनूपपुर - असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अनूपपुर जिले की तहसील जैतहरी में स्थित मोजरबेयर पावर प्लांट, नगर परिषद जैतहरी एवं जनपद पंचायत जैतहरी परिसर में प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के अंतर्गत एक दिवसीय पंजीयन शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान श्रम विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित श्रमिकों को योजना के लाभों की विस्तृत जानकारी दी और उन्हें योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। शिविर में मौके पर ही 40 असंगठित श्रमिकों के आवेदन प्राप्त हुए।
जिला श्रम पदाधिकारी ने बताया कि इस योजना का लाभ ऑटो व रिक्शा चालक, सफाईकर्मी, रेहड़ी-पटरी वाले मजदूर, घरेलू कामकाज करने वाले श्रमिक तथा असंगठित किसान सहित अन्य असंगठित क्षेत्र के श्रमिक ले सकते हैं।
पात्रता शर्तें
आयु 18 वर्ष से कम नहीं और 40 वर्ष से अधिक नहीं हो
आवेदक आयकरदाता न हो
मासिक आय ₹15,000 से अधिक न हो
प्रीमियम राशि
18 वर्ष आयु के श्रमिक: ₹55 प्रति माह
40 वर्ष आयु के श्रमिक: ₹200 प्रति माह
योजना के अंतर्गत 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर केन्द्र सरकार की गारंटी के साथ लाभार्थियों को ₹3,000 प्रतिमाह पेंशन प्रदान की जाएगी।
पंजीयन के लिए श्रमिकों को आधार नंबर, मोबाइल नंबर तथा बैंक खाते की पासबुक साथ लाना अनिवार्य है।
प्रशासन ने अपील की है कि अधिक से अधिक असंगठित श्रमिक इस कल्याणकारी योजना से जुड़कर अपने भविष्य को सुरक्षित करें। इस अवसर पर सहायक श्रम अधिकारी अनुवर्त द्विवेदी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी जैतहरी, हिन्दुस्तान पॉवर प्लांट से श्री गौरव पाठक सहित हितग्राही उपस्थित थे।