अनूपपुर - दिनांक 05.05.2026 को थाना रामनगर में पदस्थ प्रधान आरक्षक निरंजन खलको द्वारा अपराध विवेचना एवं वारंटी तलाश के दौरान क्षेत्र में भ्रमण किया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक बिना नंबर की सफेद महिन्द्रा पिकअप वाहन में अवैध रूप से मवेशी लोड कर बेलहा प्यारी की ओर परिवहन किया जा रहा है।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम द्वारा ग्राम निमहा के पास कदम पेड़ तिराहा में नाकाबंदी की गई। कुछ समय पश्चात अमाड़ाड की ओर से संदिग्ध पिकअप वाहन आता दिखाई दिया। वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, किन्तु पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
वाहन की तलाशी लेने पर पिकअप (चेसिस नंबर MA1RV2TUKP6C31278, इंजन नंबर TUP4C91308) से 01 भैंसी एवं 05 पड़वा बरामद किए गए, जिन्हें अत्यंत क्रूरता पूर्वक ठूंसकर बिना चारा-पानी के परिवहन किया जा रहा था। पुलिस द्वारा तत्काल मवेशियों को सुरक्षित उतारकर संरक्षण में लिया गया।
जप्ती कार्यवाही के दौरान पिकअप वाहन (कीमत लगभग 10,00,000 रुपये), 01 भैंसी (30,000 रुपये) एवं 05 पड़वा (1,50,000 रुपये) कुल कीमत लगभग 11,80,000 रुपये जप्त किए गए। बरामद मवेशियों को पंचायत कांजी हाउस के सुपुर्द कर उनके भोजन एवं पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई तथा पशु चिकित्सक द्वारा परीक्षण भी कराया गया।
उक्त प्रकरण में वाहन मालिक जावेद अंसारी पिता इकबाल अंसारी निवासी मुजफ्फरनगर (उ.प्र.) एवं अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध अपराध क्रमांक 103/26 धारा 11(घ) पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा 6(क), 10 मध्यप्रदेश कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है, शेष बिंदुओं पर विवेचना जारी है ।