⚡ ब्रेकिंग News

भीषण गर्मी एवं बढ़ते तापमान से बचाव हेतु स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

लू (तापघात) से बचने के लिए दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें नागरिक

शरीर में पानी की कमी और इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन बन सकता है गंभीर खतरा

अनूपपुर - जिले में लगातार बढ़ते तापमान के दृष्टिगत स्वास्थ्य विभाग द्वारा आम नागरिकों को लू (तापघात) के दुष्प्रभावों से बचाव के लिए आवश्यक दिशानिर्देश और सलाह जारी की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि तेज धूप में लंबे समय तक रहने से शरीर में पानी की कमी और इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन होने के कारण तापघात की स्थिति निर्मित होती है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे गर्मी के दौरान स्वयं को सुरक्षित रखने हेतु प्यास न लगने पर भी पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, धूप में बाहर निकलते समय शरीर को हल्के रंग के सूती वस्त्रों से ढंक कर रखें और सिर पर टोपी या छाते का प्रयोग करें, सोशल मीडिया एवं समाचारों के माध्यम से प्रसारित स्वास्थ्य संबंधी जानकारियों का अवलोकन करते रहें। 

दोपहर 12 बजे से 03 बजे के बीच धूप में न निकलें, इस समय लू लगने की संभावना अधिक होती है। चाय, कॉफी और मदिरा जैसे पदार्थों का अत्यधिक सेवन न करें, क्योंकि इनसे डिहाइड्रेशन बढ़ता है।बासी भोजन के सेवन से बचें और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से परहेज करें। अधिक मेहनत वाले कार्य करते समय समय-समय पर पानी पीते रहें।

चिकित्‍सकीय परामर्श -

यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, सिरदर्द, चक्कर आना या जी मिचलाने जैसे लू के लक्षण महसूस हों, तो उसे तत्काल नजदीकी शासकीय चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार हेतु संपर्क करना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग ने सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी गर्मी जनित बीमारियों के उपचार हेतु सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...